फर्रूखाबाद:कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ में शीतगृह भंडारण शुल्क पर बैठक, 2026 के लिए दरें यथावत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी फर्रुखाबाद की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी की उपस्थिति में जनपद के शीतगृह स्वामियों, प्रबंधकों एवं आलू उत्पादक कृषकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शीतगृह भंडारण शुल्क निर्धारण एवं कृषकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान शीतगृह एसोसिएशन द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2025 में निर्धारित भंडारण शुल्क—

सामान्य आलू के लिए ₹240 प्रति कुंतल तथा

आइसोप्रोपेनॉइल एन-(3-क्लोरोफिनॉइल) कार्बामेट (CIPC) ट्रीटेड चैम्बर में भंडारण हेतु ₹270 प्रति कुंतल

पर सहमति दी गई थी। इसी दर को वर्ष 2026 के लिए भी यथावत रखने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे जिलाधिकारी महोदय द्वारा अनुमोदित कर दिया गया।

इस अवसर पर प्रगतिशील कृषकों ने अवगत कराया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष आलू की बाजार दर कम होने से भंडारण शुल्क में वृद्धि न की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित दरों पर ही कृषकों के आलू का भंडारण किया जाए तथा किसी प्रकार की अतिरिक्त वसूली न की जाए।

उन्होंने शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों को यह भी निर्देशित किया कि—

कृषकों को भंडारण संबंधी रसीद एवं तौलपट्टी रसीद समय से उपलब्ध कराई जाए।

शीतगृह परिसर में 2×4 फीट के सूचना पट पर भंडारण शुल्क, भंडारण नियमावली तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के दूरभाष नंबर स्पष्ट एवं पठनीय भाषा में प्रदर्शित किए जाएं।

भंडारण शुल्क प्रति पैकेट के बजाय प्रति कुंतल की दर से ही लिया जाए।

बैठक में शीतगृह संघ के अध्यक्ष श्री अजय गंगवार, सचिव मनोज रस्तोगी, उमेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष मोहन अग्रवाल, प्रगतिशील कृषक वारिज राजपूत, श्री नारद सिंह, श्री ध्रुव राजपूत, आलू निर्यातक सुधीर कुमार शुक्ला सहित अनेक शीतगृह स्वामी एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।

अंत में आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों एवं कृषकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया।

Leave a Comment