फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 फरवरी 2026 जनपद में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों को त्वरित सजा दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे #OperationConviction अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोर्ट मोहर्रिरों के साथ जनपद के टॉप-10 अपराधियों, चिन्हित माफियाओं तथा पॉक्सो एक्ट, हत्या, लूट, डकैती और अन्य जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों से संबंधित लंबित मुकदमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक गंभीर मामले में सशक्त एवं तथ्यपरक पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि अभियोजन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से साक्ष्यों, गवाहों और न्यायालयीय कार्यवाही का समुचित समन्वय बनाए रखें।
बैठक के दौरान विशेष रूप से पॉक्सो एक्ट एवं महिला/बाल अपराधों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, टॉप-10 अपराधियों एवं माफियाओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर अधिकतम दंड सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि #OperationConviction का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना है। इसके लिए अभियोजन तंत्र को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जा रहा है।
जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अपराध पर अंकुश लगाने और न्यायिक प्रक्रिया को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
