फर्रुखाबाद:सांसद मुकेश राजपूत के प्रयास रंग लाए, एनएच–730सी पर काली, गंगा व रामगंगा के पुलों के नवनिर्माण को मिली स्वीकृति

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 जनपद के विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फर्रुखाबाद के सांसद Mukesh Rajput ने राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर काली नदी, गंगा नदी और रामगंगा नदी पर नए पुलों के निर्माण हेतु केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से पत्राचार कर औपचारिक आग्रह किया था।

माननीय मंत्री श्री गडकरी ने सांसद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए इन पुलों के नवनिर्माण को आगामी कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया है। इस निर्णय से फर्रुखाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इन पुलों के निर्माण से यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित बनेगा।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर स्थित काली नदी, गंगा एवं रामगंगा के पुल लंबे समय से क्षेत्रीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। बढ़ते यातायात दबाव और सुरक्षा की दृष्टि से इनका नवनिर्माण समय की आवश्यकता बन गया था। सांसद मुकेश राजपूत द्वारा इस विषय को गंभीरता से उठाए जाने के बाद केंद्र सरकार द्वारा इसे कार्ययोजना में शामिल करना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सांसद श्री राजपूत ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी का अपनी एवं समस्त क्षेत्रीय जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास हेतु वे निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी सड़क, परिवहन एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहेंगे।

क्षेत्र की जनता ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही इन पुलों के निर्माण कार्य प्रारंभ होंगे, जिससे फर्रुखाबाद की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।