फर्रुखाबाद में वृहद ऋण शिविर आयोजित, 122 युवाओं को 3.35 करोड़ का ऋण स्वीकृत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 सीएम युवा मिशन कार्यालय, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 20.02.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में वृहद ऋण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासन की मंशा के अनुरूप कुल 122 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत कुल 3.35 करोड़ रुपये के ऋण के स्वीकृति/वितरण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी) द्वारा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया तथा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से लाभान्वित उद्यमियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। इससे उपस्थित लोगों को स्थानीय स्तर पर उभर रही युवा प्रतिभाओं और नवाचारों को जानने का अवसर मिला। साथ ही सीएम युवा फेलो द्वारा सीएम युवा एप के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा युवाओं को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त उद्योग द्वारा सभी अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं उपस्थित लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर एलडीएम, सहायक आयुक्त उद्योग मो. आज़म, विभिन्न बैंकों के प्रबंधकगण तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

यह वृहद ऋण शिविर जनपद में युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।