फर्रुखाबाद:एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मेले का आयोजन, एकबारीय कर व्यवस्था की दी गई विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 एआरटीओ कार्यालय में परिवहन विभाग द्वारा दो दिवसीय परिवहन मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का नेतृत्व एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरटीओ-प्रशासन श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में टाटा मैजिक, ऑटो रिक्शा तथा हल्के माल वाहनों के स्वामी एवं संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मेले में उपस्थित वाहन स्वामियों को दिनांक 30 जनवरी 2026 से लागू की गई नई एकबारीय कर (वन टाइम टैक्स) व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उ0प्र0 मोटरयान कराधान अधिनियम में संशोधन कर परिवहन कर प्रणाली में व्यापक सुधार करते हुए एकबारीय कर की व्यवस्था लागू की गई है, जो तकनीकी रूप से वाहन पोर्टल पर भी लाइव हो चुकी है।

क्या है एकबारीय कर व्यवस्था?

इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों को बार-बार कर भुगतान की जटिल और समय-साध्य प्रक्रिया से राहत देना, कर प्रशासन को सरल बनाना, अधिकाधिक गैर-परिवहन वाहनों को परिवहन श्रेणी में परिवर्तित करना तथा राजस्व संग्रह प्रणाली को सुदृढ़ बनाना है।

निर्धारित एकबारीय कर दरें

परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार एकबारीय कर की दरें निम्न प्रकार निर्धारित की गई हैं—

तिपहिया मोटर कैब – वाहन के मूल्य का 7 प्रतिशत।

10 लाख रुपये तक मूल्य वाली मोटर कैब एवं मैक्सी कैब (तिपहिया को छोड़कर) – 10.50 प्रतिशत।

10 लाख रुपये से अधिक मूल्य वाली मोटर कैब एवं मैक्सी कैब – 12.50 प्रतिशत।

3000 किलोग्राम तक सकल भार वाले माल वाहन – 3 प्रतिशत।

3000 किलोग्राम से अधिक तथा 7500 किलोग्राम तक सकल भार वाले वाहन (मिनी ट्रक आदि) – 6 प्रतिशत।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व से पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों पर एकबारीय कर की गणना करते समय प्रत्येक बीते वर्ष पर 8 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जो अधिकतम 75 प्रतिशत तक सीमित रहेगी। इससे पुराने वाहनों के स्वामी कम कर देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

दो दिवसीय मेले में 98 लोगों की सहभागिता

परिवहन मेले का प्रथम चरण 20 फरवरी 2026 एवं 21 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया। मेले में कुल 98 वाहन स्वामियों एवं संचालकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। साथ ही, संबंधित साहित्य का वितरण भी किया गया।

परिवहन विभाग द्वारा आयोजित यह मेला न केवल कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने का भी सशक्त माध्यम साबित हो रहा है।