फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 फरवरी 2026 जनपद में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आरती सिंह, पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा द्वारा कोतवाली मोहम्मदाबाद परिसर में संभ्रांत व्यक्तियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में होली के अवसर पर निकलने वाले जुलूस, ईद तथा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाले जाएं। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की हिदायत दी गई। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया।
पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
पुलिस प्रशासन की इस पहल से स्पष्ट है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
