फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 फरवरी 2026 एसओजी, सर्विलांस और थाना जहानगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के अभियोग में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (डंडा) भी बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना जहानगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 19/2026, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में अभियुक्त अमन कुमार पुत्र स्व. सुनील कुमार उर्फ नेक्से, निवासी ग्राम बेहटा, थाना जहानगंज, जनपद फतेहगढ़ को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 13 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 6:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बेहटा निवासी सुनील कुमार उर्फ नेक्से की खेत पर आलू खोदते समय अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है। वादी की तहरीर के आधार पर थाना जहानगंज में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान साक्ष्यों के संकलन में यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतक का पुत्र अमन कुमार ही हत्या में संलिप्त है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर काली नदी के किनारे जंगल से काले टेप से लिपटा लकड़ी का डंडा बरामद किया।
पूछताछ में क्या बोला अभियुक्त
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके पिता उससे और उसकी माता से अलग अपने भाई के साथ रहते थे और खेती-बाड़ी का समस्त लाभ उन्हें देते थे। अभियुक्त को आशंका थी कि उसके पिता उसकी हिस्से की जमीन चाचा व चचेरे भाई के नाम कर देंगे। इसी रंजिश के चलते उसने 13 फरवरी को खेत पर पहुंचकर पीछे से डंडे से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए डंडा नदी किनारे फेंक दिया।
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त के विरुद्ध थाना जहानगंज में मु0अ0सं0 19/2026 धारा 103(1) बीएनएस दर्ज है।
गिरफ्तारी में शामिल टीमें
थाना जहानगंज पुलिस, एसओजी टीम तथा सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से यह सफलता प्राप्त हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
