फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 फरवरी 2026 जनपद में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, नकल-विहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में अरुण कुमार सिंह (अपर जिलाधिकारी) एवं अरुण कुमार सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक) ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कक्षों की व्यवस्थाओं, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना न होने पाए और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस निरीक्षण से परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी, जिससे परीक्षाएँ निष्पक्ष और सुचारु रूप से सम्पन्न हो सकें।
