फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद में राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर राजस्व की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वाणिज्य कर विभाग की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष अत्यंत कम है। इसी प्रकार स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, आबकारी विभाग तथा खनन विभाग की राजस्व प्राप्ति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। मंडी फर्रुखाबाद, मोहम्मदाबाद एवं कायमगंज की मासिक वसूली भी अपेक्षा से कम रही।
हालांकि विद्युत विभाग एवं परिवहन विभाग की वसूली स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की सराहना की।
बैठक में जिलाधिकारी ने खनन, वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं निबंधन तथा मंडी विभाग को प्रवर्तन कार्य बढ़ाने और बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस के पैरामीटर की समीक्षा करने तथा उनमें सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन स्तर पर जनपद की रैंकिंग और कार्यप्रणाली बेहतर हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करें।
