फर्रुखाबाद:नगर पंचायत कमालगंज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा नगर पंचायत कमालगंज कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पटल तथा आधार कार्ड संशोधन पटल का भी निरीक्षण किया और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, नियमित निरीक्षण, स्टोर की व्यवस्था सुधारने तथा निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कराकर नीलामी कराने के निर्देश भी दिए। खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, जलकर एवं गृहकर की वसूली में तेजी लाने तथा राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।