फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति तथा जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समय से वृक्षारोपण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2025 की तरह ही आगामी वर्ष का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि अगले वर्ष के वृक्षारोपण के लिए आवश्यक भूमि का चिन्हांकन अभी से कर लिया जाए, ताकि अभियान समयबद्ध तरीके से सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने जानकारी दी कि वर्ष 2026 के लिए जनपद को 40 लाख 82 हजार 488 पौधे रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है और सभी विभागों को उनके लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित विभाग वृक्षारोपण हेतु स्थान चिन्हित कर 20 फरवरी तक अपनी कार्ययोजना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि गंगा नदी में केवल शोधित (ट्रीटेड) पानी ही प्रवाहित किया जाए तथा किसी भी स्थिति में प्रदूषित जल गंगा में न जाने दिया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
