फर्रुखाबाद:सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक: विकास कार्यों में जनपद को प्रदेश में चौथा स्थान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के विकास कार्यों की जनवरी 2026 माह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद ने विकास कार्यों की प्रगति में प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को बधाई देते हुए रैंकिंग को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में 29 विभागों की 77 योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सी-श्रेणी में कुछ योजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना को 40वीं रैंक तथा 10 में से 5 अंक प्राप्त हुए। उद्योग विभाग की ओडीओपी वित्त पोषण योजना को 72वीं रैंक तथा 5 अंक मिले। जल निगम (ग्रामीण) विभाग के जल जीवन मिशन कार्यक्रम को 41वीं रैंक तथा 7 अंक प्राप्त हुए, जबकि पर्यटन विभाग की राज्य योजना को 63वीं रैंक और 8 अंक मिले। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग की डीएनआरएलएम-आरएफसीआईएफ योजना को 11वीं रैंक तथा 6 अंक प्राप्त हुए। पंचायती राज विभाग की 15वां वित्त आयोग ग्राम पंचायत योजना को 40वीं रैंक और 6 अंक मिले। उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना को 36वीं रैंक प्राप्त हुई। चिकित्सा विभाग की एम्बुलेंस सेवाओं में 102 एम्बुलेंस को 65वीं तथा 108 एम्बुलेंस को 73वीं रैंक प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं की रैंकिंग कम है, उनमें कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए अगले माह बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।