फर्रुखाबाद में 1 मार्च से गेहूँ खरीद शुरू, किसानों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत जनपद में आगामी 01 मार्च 2026 से गेहूँ खरीद प्रारम्भ की जाएगी। इस संबंध में खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा किसानों को समय से पंजीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की गई है।

विभाग के अनुसार गेहूँ बिक्री हेतु किसानों के लिए पंजीकरण व्यवस्था विभागीय पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर प्रारम्भ कर दी गई है। किसान स्वयं या अपने परिवार के नामित सदस्य के माध्यम से ही क्रय केन्द्र पर गेहूँ विक्रय कर सकेंगे, बशर्ते नामित सदस्य का विवरण पंजीकरण में दर्ज किया गया हो।

पंजीकरण के लिए किसानों को कम्प्यूटराइज्ड खतौनी, फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा आधार कार्ड अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया ओटीपी आधारित है, इसलिए किसानों को अपना वर्तमान मोबाइल नम्बर ही दर्ज कराना होगा ताकि एसएमएस द्वारा प्राप्त ओटीपी से पंजीकरण पूर्ण किया जा सके।

किसानों को अपनी खतौनी के खाता संख्या के आधार पर कुल भूमि तथा बोये गये गेहूँ के रकबे का सही विवरण भी दर्ज करना होगा। भुगतान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए किसानों को सीबीएस बैंक में खाता खुलवाकर उसे आधार से लिंक तथा एनपीसीआई मैपर पर अपडेट कराने की सलाह दी गई है, जिससे पीएफएमएस के माध्यम से गेहूँ खरीद का भुगतान 48 घंटे के भीतर संभव हो सके।

जिन किसानों ने पिछले खरीद सत्र में पंजीकरण कराया था, उन्हें आधार नम्बर दर्ज कर अपने पंजीकरण को अपडेट करना आवश्यक होगा। क्रय केन्द्रों पर निर्धारित मानक के अनुरूप गेहूँ विक्रय करने पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल प्रदान किया जाएगा।

किसान किसी भी सहायता के लिए विभाग के टोल-फ्री नम्बर 18001800150 अथवा जिला खाद्य विपणन अधिकारी, तहसील क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं ब्लॉक स्तर के विपणन निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।