फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 फरवरी 2026 विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक समागम महाकुम्भ मेला-2025 प्रयागराज में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवा देने वाले होमगार्ड्स जवानों को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महाकुम्भ में ड्यूटी निभाने वाले प्रत्येक होमगार्ड को “कुम्भ मेला मेडल” एवं “प्रशंसा पत्र” प्रदान किया गया।
महाकुम्भ मेला-2025 में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं ने स्नान एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। इस नव्य, दिव्य, भव्य और डिजिटल कुम्भ के सफल आयोजन में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के लगभग 14,000 से अधिक जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव की सर्वत्र सराहना हुई।
जनपद फर्रुखाबाद (फतेहगढ़) से 101 होमगार्ड्स अधिकारियों एवं वैतनिक/अवैतनिक कर्मचारियों को महाकुम्भ ड्यूटी के लिए भेजा गया था। इन सभी ने मेले की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं से प्रसन्न होकर माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा “कुम्भ मेला मेडल” एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
दिनांक 12 फरवरी 2026 को जिला कमाण्डेन्ट, होमगार्ड्स कार्यालय फतेहगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने होमगार्ड्स जवानों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने जवानों की समर्पण भावना, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
जिला कमाण्डेन्ट श्री डी०एन० सिंह ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी का मोमेंटो एवं पुस्तक भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के अधिकारी—श्री सुभाष चन्द्र यादव (वैत० पी०सी०), श्री विनोद कुमार (बी०ओ०), भीकमदास (बी०ओ०), श्री सिंह चौहान, श्री जयप्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह सम्मान समारोह न केवल होमगार्ड्स जवानों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि जनपद के लिए भी गौरव का विषय बना।
