फर्रुखाबाद:नगर पंचायत नवाबगंज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय नवाबगंज का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कर नीलामी कराने, कूड़ा गाड़ियों की मरम्मत कराने, जलकर व गृहकर की वसूली में तेजी लाने तथा सभी ग्रांट्स का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईजीआरएस प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से संपर्क करने तथा विशेष प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा। नगर पंचायत कार्यालय में सीपेज पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।