फर्रुखाबाद:22 फरवरी को आयोजित होगा मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, 40 से अधिक विभाग देंगे योजनाओं की जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 फरवरी 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर क्लब परिसर में मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रियंका गांधी ने नोडल अधिकारी/अपर जिला जज संजय कुमार-VI के साथ विस्तृत चर्चा की।

यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। बैठक में शिविर की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सचिव प्रियंका गांधी ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन हेतु जनपद के 40 से अधिक विभागों—पुलिस, कृषि, बैंक ऋण योजनाएं, युवा कल्याण, वन, विद्युत वितरण, खनन, राजस्व, श्रम कल्याण, पंचायती राज, आवास एवं नगर विकास, औद्योगिक विभाग, नगर पालिका, समाज कल्याण, कौशल विकास, जल शक्ति, परिवहन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, शिक्षा, पशुपालन, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया है।

शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति-जनजाति, बेरोजगार युवाओं तथा किसानों को एक ही स्थान पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लघु शिविर आयोजित कर योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाएगी। द्वितीय चरण में चिन्हित लाभार्थियों को 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

बैठक में बाल कल्याण अधिकारी सचिन सिंह, डीपीओ अनिल चंद्रा, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के ईओ विनोद सरोज, डिप्टी चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल सुरेंद्र कुमार राणा सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।