फर्रुखाबाद में बड़ा रेल हादसा टला, युवकों की सूझबूझ से उत्कर्ष एक्सप्रेस समय रहते रोकी गई।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 फरवरी 2026 जनपद में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कानपुर–कासगंज रेलवे लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) का तार अचानक टूट जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बीच सीएनआई बढ़पुर चर्च ग्राउंड के सामने की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उसी समय फर्रुखाबाद से छपरा जा रही उत्कर्ष एक्सप्रेस उसी ट्रैक से गुजरने वाली थी। ट्रैक के ऊपर टूटा हुआ तार देखकर आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए खतरे की आशंका समझ ली। युवकों ने तुरंत लाल कपड़ा लेकर झंडी की तरह लहराते हुए ट्रेन की दिशा में दौड़ लगाई और लगभग 500 मीटर पहले ही लोको पायलट को खतरे का संकेत दे दिया।

युवकों के संकेत को देखते ही लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन लगभग आधे घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। समय रहते ट्रेन नहीं रोकी जाती तो गंभीर दुर्घटना होने की आशंका थी।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। रेलवे की तकनीकी टीम ने जांच शुरू करते हुए टूटी हुई ओएचई लाइन की मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ कर दिया।

स्थानीय लोगों ने समय रहते सतर्कता दिखाने वाले युवकों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की मांग की है।