फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 फरवरी 2026 रविवार को केंद्रीय बजट 2026 के संदर्भ में आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने पत्रकारों से संवाद करते हुए बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी और इसे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनहित एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक निर्णायक कदम उठाए गए हैं। 1 फरवरी को प्रस्तुत केंद्रीय बजट में समाज के हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट की नीतियों से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 2014 से पहले भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, लेकिन पिछले वर्षों में निरंतर प्रगति करते हुए भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। इस बजट से देश के साथ-साथ प्रदेश और जिले को भी व्यापक लाभ प्राप्त होगा। सेना को मजबूत करने के लिए लगभग 7 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
सांसद ने कहा कि स्वावलंबी भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए कंटेनर निर्माण सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहन दिया गया है। गरीब एवं मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिनमें 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य करने का निर्णय भी शामिल है। इसके अतिरिक्त हर जिले में महिला छात्रावास स्थापित करने तथा “लखपति दीदी” की तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका योजना के माध्यम से महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह भविष्य के भारत को मजबूत बनाने वाला बजट है। उन्होंने बताया कि प्रदेश और जिले में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं तथा सड़कों के बेहतर नेटवर्क से आवागमन सुविधाजनक बन रहा है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बजट के प्रमुख बिंदुओं को जनता तक पहुंचाने और घर-घर जाकर बजट के लाभों की जानकारी देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह सिसोदिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
