फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 सर्वे कमिश्नर वक्फ, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा उम्मीद (Central Portal) 2025 पर वक्फ सम्पत्तियों के पंजीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। यह निर्णय मा० उत्तर प्रदेश वक्फ न्यायाधिकरण, लखनऊ के दिनांक 10 दिसंबर 2025 के आदेश के अनुपालन में लिया गया है, जिसके तहत पंजीकरण प्रक्रिया के लिए पुनः 6 माह का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार वक्फ सम्पत्तियों के पंजीकरण एवं अनुमोदन के लिए समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके तहत मुतवल्ली (मेकर) द्वारा वक्फ सम्पत्ति का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 तय की गई है। इसके बाद वक्फ बोर्ड द्वारा दर्ज विवरणों की जांच की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 तथा बोर्ड स्तर से अंतिम अनुमोदन की तिथि 5 जून 2026 निर्धारित की गई है।
अधिकारियों ने जनपद के सभी मुतवल्लियों, प्रबंध समितियों और प्रशासकों को निर्देशित किया है कि जिनके द्वारा अभी तक वक्फ सम्पत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज नहीं कराया गया है, वे निर्धारित अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 से पूर्व हर हाल में विवरण फीड कराना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की देरी या त्रुटि के लिए संबंधित मुतवल्ली स्वयं जिम्मेदार होंगे।
वक्फ विभाग ने सभी संबंधित पक्षों से समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पंजीकरण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की अपील की है, ताकि वक्फ सम्पत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड समय पर तैयार किया जा सके।
