फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 लोधी समाज के प्रतिनिधि विक्रांत सिंह लोधी ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए क्रांतिकारी शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की मूर्ति स्थापना का मामला शीघ्र सुलझाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी न केवल लोधी समाज बल्कि पूरे देश की प्रेरणास्रोत वीरांगना रही हैं, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
विक्रांत सिंह लोधी ने बताया कि प्रस्तावित मूर्ति स्थापना स्थल पर वर्तमान में नाला खुद जाने के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे मूर्ति स्थापना का कार्य लंबे समय से लंबित पड़ा है। उनका कहना है कि यह स्थिति समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि महान क्रांतिकारियों के सम्मान से जुड़े कार्यों में देरी होने से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप कर स्थापना स्थल से जुड़े विवाद का समाधान कराया जाए, ताकि मूर्ति स्थापना का मार्ग जल्द प्रशस्त हो सके। उनका कहना है कि यदि प्रशासन का सहयोग मिल जाए तो सर्वसमाज के सहयोग से यह कार्य शीघ्र पूरा किया जा सकता है।
विक्रांत सिंह लोधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रशासन से पुनः अपील करते हुए कहा कि रानी अवंती बाई लोधी जैसी महान क्रांतिकारी हस्तियों का सम्मान पूरे समाज की जिम्मेदारी है और उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन सकारात्मक पहल करते हुए इस मुद्दे का जल्द समाधान करेगा, जिससे समाज में आपसी सद्भाव और सम्मान की भावना और मजबूत होगी।
