फर्रुखाबाद:गांव नगला मिधन में गलियों के निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने समाधान दिवस अधिकारी को दिया प्रार्थना पत्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 जनपद के तहसील अमृतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत किराचन के गांव नगला मिधन के ग्रामीणों ने गांव की जर्जर गलियों और जलभराव की समस्या को लेकर समाधान दिवस अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल्द निर्माण कार्य कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में आज तक किसी भी गली का निर्माण नहीं कराया गया है, जिसके कारण अधिकांश गलियों में लगभग एक फुट तक पानी भरा रहता है और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। इससे गांववासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर गांव की गलियों का निरीक्षण कराया जाए और शीघ्र नाली व गली निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। प्रार्थना पत्र में जिन गलियों के निर्माण की मांग की गई है, उनमें भूदेव के घर से मंदिर तक (लगभग 200 मीटर), भूदेव के घर से सोनवीर के घर तक (150 मीटर), लालबहादुर के घर से प्रताप के घर तक (250 मीटर) तथा रामबाबू के घर से भूरे के घर तक (200 मीटर) की गलियां शामिल हैं।

इस मौके पर निलेश कुमार, अभिनंदन सिंह, धर्मवीर सिंह, पुष्पेंद्र यादव, अतुल यादव, शैलेश सिंह, अनुराग कुमार, जयवीर सिंह, संदीप यादव, रविंद्र सिंह, रनवीर सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।