फर्रुखाबाद: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राजकीय जिला पुस्तकालय में प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 राजकीय जिला पुस्तकालय, फर्रुखाबाद में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित निबंध, भाषण, चित्रकला एवं फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक फर्रुखाबाद नरेन्द्र पाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सुशील कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुस्तकालयाध्यक्ष रवीन्द्र प्रताप सक्सेना ने की। अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी सम्मान-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मियों को भी उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह एवं पुस्तकालयाध्यक्ष रवीन्द्र प्रताप सक्सेना ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना तथा रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हैं।