फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने राजेपुर विकासखंड व थाना परिसर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड कार्यालय राजेपुर का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा नियमित समीक्षा और निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में स्थित वाहन स्टैंड की रैंप ठीक कराने, वाटर कूलर से गिर रहे पानी की समस्या का समाधान कराने, निष्प्रयोज्य सामग्री एवं भवन की नीलामी कराने तथा ब्लॉक परिसर के रास्तों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने थाना राजेपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, आईजीआरएस प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने, परिसर में पड़े निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी कराने तथा परिसर में भरे पानी की निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अमृतपुर, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।