फर्रुखाबाद: सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, श्यामनगर में छात्र-छात्राओं को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह (01 फरवरी से 28 फरवरी 2026) के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में शनिवार सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, श्यामनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत तथा जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।

एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि वर्ष 2024 में 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की जान गई थी। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में कम से कम एक वाहन दोपहिया होता है और मृतकों में करीब 60 प्रतिशत दोपहिया सवार शामिल हैं। साथ ही लगभग 20 प्रतिशत घायलों और मृतकों में पैदल तथा साइकिल सवार भी शामिल हैं, इसलिए छात्रों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, मोबाइल फोन का उपयोग न करें, ओवरलोडिंग से बचें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने बताया कि “नेक्स्ट जेन एम-परिवहन” और “डिजीलॉकर” ऐप के माध्यम से वाहन और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं, जो वैध माने जाते हैं।

कार्यक्रम में लगभग 700 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुशवाहा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे गुणों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मन्दिर श्यामनगर के प्रधानाचार्य नारायण जी मिश्रा, सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई सहित विद्यालय स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।