80 वर्ष की बुजुर्ग महिला कैलाशी देवी पत्नी नेत्रपाल सिंह निवासी करसरी हयातगढी को खतौनी में नाम संशोधन की समस्या थी जिसको मंडल आयुक्त अलीगढ़ द्वारा तत्काल मौके पर सही करा कर महिला को खतौनी हस्तांतरित की गई।
कासगंज: शासन के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 07 फरवरी 2026 को जनपद कासगंज तहसील परिसर में मंडल आयुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी कासगंज, तहसीलदार कासगंज सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर संबंधित कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस एवं सामाजिक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
