फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 आगामी 18 फरवरी 2026 से प्रारम्भ होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 06 फरवरी 2026 को सायं 06:00 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, नामित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जनपद के 78 परीक्षा केन्द्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा की गई, जिसमें सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं जैसे फर्नीचर, वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, हाईस्पीड इंटरनेट, पेयजल, शौचालय तथा विद्युत की स्थायी एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु स्ट्रांग रूम की स्थापना कर चार डबल लॉक युक्त अलमारियों की व्यवस्था परीक्षा तिथि से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशानुसार प्रश्नपत्रों को शासनादेश एवं परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि रिजर्व प्रश्नपत्रों की अलमारी की एक चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट, दूसरी केन्द्र व्यवस्थापक तथा दूसरे लॉक की चाबी संबंधित थानाध्यक्ष या उनके नामित अधिकारी की अभिरक्षा में रहेगी। स्ट्रांग रूम के संचालन हेतु लॉग बुक तैयार कर उसे पुलिस बल की अभिरक्षा में रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की जानकारी देते हुए सभी मजिस्ट्रेट को सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश प्रदान किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारियों को जारी निर्देशों का गहन अध्ययन करने को कहा।
अपर जिलाधिकारी ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट को अपने निवास का पता एवं वैकल्पिक मोबाइल नंबर जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराने तथा डबल लॉक व्यवस्था का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा तिथि से पूर्व केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने, किसी भी प्रकार की घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं जनपदीय कंट्रोल रूम (05692-234153) अथवा कंट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9450109285 पर देने तथा परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया या सार्वजनिक रूप से साझा न करने के निर्देश दिए।
