फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली विशेष पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 06 फरवरी 2026 को सायं 05:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि दिनांक 27.10.2025 से 05.02.2026 तक प्राप्त आवेदनों में अब तक फॉर्म-6 के 41,116, फॉर्म-7 के 952 तथा फॉर्म-8 के 12,039 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मैनुअल ऑन इलेक्टोरल रोल्स, मार्च-2023 के पैरा-25.2.2 (Responsibilities of Booth Level Agent) की प्रति उपलब्ध कराते हुए बताया कि एक बूथ लेवल एजेंट (BLA) एक बार में अधिकतम 10 फॉर्म तथा पूरे अभियान के दौरान अधिकतम 30 फॉर्म बीएलओ को जमा करा सकता है। साथ ही फॉर्म जमा करते समय संबंधित घोषणा-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान नो-मैपिंग तथा लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की कार्यवाही की जा रही है और इस प्रक्रिया में किसी भी मतदाता को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, समाजवादी पार्टी से जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य (एडवोकेट), बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम तथा आम आदमी पार्टी से जिला सचिव अंकुश सिंह (एडवोकेट) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।