फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 फरवरी 2026 विकास खंड कमालगंज क्षेत्र के दलेलनगर, उमराय नगला, भुड्डिया मौजा नगला खेम रैगाई के ग्रामीणों ने नौसारा मार्ग से प्राथमिक विद्यालय दलेलनगर तक स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य रुकने पर जिलाधिकारी से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि जिला पंचायत से स्वीकृत उक्त सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका था, लेकिन कुछ दबंगों द्वारा आपत्ति कर कार्य को रुकवा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग वर्ष 1965 से प्रचलित है और लगभग 20 वर्ष पूर्व इसी मार्ग पर खड़ंजा निर्माण भी कराया गया था, जो आज भी मौजूद है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित भूमि की आराजी पूर्ण होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक रूप से निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है, जबकि राजस्व संहिता की धारा-25 के अनुसार प्रचलित मार्ग या रास्ते को रोका नहीं जा सकता।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि खंड विकास अधिकारी और थानाध्यक्ष कमालगंज को क्षेत्रीय लेखपाल के साथ मौके पर भेजकर रुके हुए निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए, जिससे गांव के लोगों और विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।
इस दौरान ग्राम प्रधान नरसिंह, बीडीसी सदस्य देवेश यादव, सुरेंद्र, विमलेश, राजीव, पवन सिंह, हरबंस, धीरेंद्र, अशोक सिंह, श्याम सिंह, हिरदेश, सत्येंद्र, आदेश, रूपेंद्र, सुरेंद्र सिंह, रितिक सिंह, नितिन सिंह, अमर सिंह आदि सहित अनेकों ग्रामीण उपस्थित रहे।
