फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा नगर पंचायत कार्यालय मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, कार्यालय अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने निष्प्रयोज्य मशीनरी का मूल्यांकन कराकर नीलामी कराने, कूड़ा वाहनों की मरम्मत कराने, नगर पंचायत परिसर में स्थित पानी की टंकी का वाल्व सही कराने तथा रिक्त पदों का अधियाचन शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने जलकर एवं गृहकर की वसूली में तेजी लाने और नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
