मणिकर्णिका घाट के मुद्दे पर डिंपल यादव की प्रतिक्रिया, PM मोदी का नाम लेकर क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट पर कथित तौर पर तोड़फोड़ मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए बड़ा जुबानी हमला बोला है. एबीपी लाइव से बातचीत में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने मणिकर्णिका घाट विवाद प्रतिक्रिया दी है.

डिंपल यादव ने कहा, “जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जिस तरह से मणिकर्णिका घाट में जिस तरह से बुलडोजर से मणिकर्णिका घाट को ध्वस्त किया गया, मंदिरों ध्वस्त किया गया, अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा को खंडित किया गया, तोड़ा गया. हम अपनी बात रखना चाहते थे, शायद प्रधानमंत्री नहीं जानते थे कि मणिकर्णिका घाट में इतनी बड़ी घटना घटी.” डिंपल यादव ने कहा कि, “उन्हें उम्मीद थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले पर बोलेंगे.”

विपक्ष के हंगामे के चलते सदन नहीं चल पा रहा है, इस सवाल पर पर समाजवादी पार्टी से मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, “हम चाहते हैं कि सदन चले. हम चाहते हैं कि नेता प्रतिपक्ष अपनी बात रखें. बाकी की मेजर पार्टी हैं, अपनी बात रखें.” उन्होंने कहा कि शायद भारतीय जनता पार्टी नहीं चाहते हैं कि जो सच्चाई है वह देश के सामने आए. यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री कल बोलेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि कल देखेंगे.

केंद्रीय बजट 2026 पर सपा सांसद डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशावादी बताया है. उन्होंने कहा है कि इस बजट में कुछ भी नहीं है. इसमें तकनीकी भाषा का इस्तेमाल किया गया है जो आम आदमी की समझ में भी नहीं आए. इस बजट में न महिलाओं, न युवाओं, विनिर्माण क्षेत्र के लिए कुछ है.