फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट परिसर में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” पोस्टर का भव्य शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 फरवरी 2026 युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY BHARAT) के तत्वावधान में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” क्विज प्रतियोगिता के पोस्टर का भव्य शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया।

पोस्टर का संयुक्त रूप से अनावरण जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक–डीआरडीए डॉ. कपिल कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी श्रीमती दीप्ति एवं जिला पंचायत राज अधिकारी श्री राजेश चौरसिया द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि “बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की विकास दिशा का रोडमैप होता है। ‘माय भारत बजट क्वेस्ट’ जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को आर्थिक समझ, नागरिक चेतना और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।”

मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि “आज का जागरूक युवा ही कल का सशक्त भारत बनेगा। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में विश्लेषणात्मक सोच और निर्णय क्षमता विकसित करती हैं।”

जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय बजट को आमजन के लिए सरल और सुलभ बनाना है, जिससे युवाओं में वित्तीय साक्षरता बढ़े और वे नीति निर्माण की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें। प्रतियोगिता महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग केंद्रों के माध्यम से आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए है। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कर “MY Bharat Budget Quest 2026” क्विज प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी—पहले चरण में ऑनलाइन क्विज, दूसरे चरण में राज्य स्तर पर निबंध प्रतियोगिता, तथा चयनित युवाओं का केंद्रीय बजट पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद कराया जाएगा।

माय भारत की यह पहल युवाओं को बजट नीति और राष्ट्र विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम मानी जा रही है।