फर्रुखाबाद: डायरिया किसी भी मौसम में हो सकता है, ओआरएस और जिंक से मिलती है सुरक्षा -जिला प्रतिरक्षण अधिकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 फरवरी 2026 डायरिया बच्चों में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जो किसी भी मौसम में हो सकती है। इससे बचाव के लिए समय पर ओआरएस और जिंक का सेवन बेहद जरूरी है। यह जानकारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने ठंडी सड़क और राजीव गांधी नगर में चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान दी।

डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि डायरिया में बच्चों को बार-बार पानी जैसे पतले दस्त होने लगते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इसी की रोकथाम के लिए पांच वर्ष तक के बच्चों को ओआरएस घोल और जिंक की टैबलेट दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को दो या तीन से अधिक बार पानी जैसे दस्त आ रहे हों तो तुरंत अपने क्षेत्र की आशा बहू या एएनएम से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते बच्चे को ओआरएस और जिंक देकर जानलेवा स्थिति से बचाया जा सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार डायरिया बच्चों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है, इसलिए लक्षण दिखाई देते ही लापरवाही न बरतें। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और उनका समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। टीकाकरण बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है, इसलिए सभी अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण निर्धारित समय पर अवश्य कराएं।

कार्यक्रम के दौरान पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया, लखनऊ से सीनियर प्रोग्राम मैनेजर अनिल द्विवेदी, अमरीश पांडे, अनुपम मिश्र, यूएनडीपी से मानव शर्मा तथा नगरीय स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिवानी, फार्मासिस्ट पंकज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

इसके अलावा एएनएम आरती सागर, आशा कार्यकर्ता संध्या सहित कई अन्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।