फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 फरवरी 2026 आज तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में गंगा नदी के दोनों किनारों पर जनपद सीमा से जनपद सीमा तक तटबंध निर्माण एवं कटरी धर्मपुर, कटरी भीमपुर तथा उनके मजरों में हो रहे लगातार कटान को रोकने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन दिया गया। समिति के प्रतिनिधियों ने यह ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को सौंपा।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई कि यदि शीघ्र ही तटबंध निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो 11 फरवरी से कढ़हर से अटेना घाट तक एक विशाल पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग करते-करते अब काफी समय बीत चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से आम जनता तटबंध निर्माण की मांग कर रही है। पूर्व में कई बार धरना-प्रदर्शन किए गए, इसके बावजूद तटबंध का निर्माण शुरू न होना यह दर्शाता है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लाखों जनता हर वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलती है, लेकिन उनकी पीड़ा को समझने वाला कोई नहीं है। अब 11 फरवरी से शुरू होने वाली पदयात्रा में पूरा क्षेत्र शामिल होगा और तटबंध बनवाकर ही दम लिया जाएगा।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि जहां लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित होते हों, वहां के जनप्रतिनिधियों की यह लापरवाही अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने पदयात्रा को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि यह जनहित की लड़ाई है और इसके लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका सदस्य श्याम सुंदर लाला ने कहा कि पूरे जिले में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित होता है, इसके बावजूद आज तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। हर वर्ष बाढ़ तबाही मचाती है, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से पंकज राठौर, शान अली, महेंद्र सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), अवनीश यादव, विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), आयुष सक्सेना एडवोकेट, प्रशांत मिश्रा एडवोकेट, धर्मवीर राजपूत (पूर्व प्रधान), शिवदेव सिंह एडवोकेट, आसिफ जमा खान एडवोकेट, आदिल खान, अतीक खान, शिवम वर्मा, राजीव वर्मा, चंद्रशेखर, मनीष यादव, राजीव सिंह, सुबोध सिंह, रामसेवक, शाहन अली, अवधेश सिंह, कदीलाल, ऋषिपाल, शाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जन संघर्ष समिति ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि जल्द तटबंध निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
