फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मऊदरवाजा में महिलाओं व बालिकाओं को दी गई सुरक्षा एवं अधिकारों की जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 फरवरी 2026 महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना मऊदरवाजा, फर्रुखाबाद क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, साइबर अपराध, छेड़छाड़, महिला उत्पीड़न से संबंधित धाराओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए 112, 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा, सुरक्षित व्यवहार, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना भय के पुलिस या परिवार को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे समाज में सुरक्षित और सशक्त जीवन जी सकें।