फर्रुखाबाद:माघी पूर्णिमा पर रामनगरिया मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 फरवरी 2026 माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद के पांचाल घाट पर लगे श्री रामनगरिया मेले में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सोमवार को सुबह ढाई बजे से ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। शाम पांच बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

सुबह 10 बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे। अमृतपुर और राजेपुर क्षेत्र से 300 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर ग्रामीण श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए मेले में पहुंचे। गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पूरा मेला क्षेत्र हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयघोष से गूंजता रहा।

गंगा स्नान के साथ-साथ मेले में बच्चों के मुंडन संस्कार, सत्यनारायण भगवान की कथा, दान-पुण्य और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी पूरे विधि-विधान से किए गए। श्रद्धालुओं द्वारा गंगा मैया को वस्त्र अर्पित किए गए। उत्तरी घाट के साथ-साथ शहर की ओर बने दक्षिणी घाट पर भी बड़ी संख्या में भक्तों की मौजूदगी रही।

माघ माह में गंगा स्नान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है और माघी पूर्णिमा के साथ ही माघ माह का समापन हो जाता है, इसी कारण श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि देखने को मिली।

मेले में खानपान की दुकानों पर भी काफी रौनक रही। खासतौर पर जलेबी की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद कन्याओं को जलेबी का प्रसाद वितरित करते नजर आए। मेला क्षेत्र में 100 से अधिक जलेबी की दुकानें लगी रहीं, जहां अनुमान के अनुसार 2000 किलो से अधिक जलेबी की बिक्री हुई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन व पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहा, जिससे मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।