फर्रुखाबाद:यातायात नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ, 25 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित, 18 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जनवरी 2026 शासन के निर्देशानुसार जनपद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया गया। इस क्रम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री नरेन्द्र पाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत, एआरटीओ-प्रशासन श्री कृष्ण कुमार यादव तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपिका राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि दिसम्बर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में कुल 490 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई। जबकि दिसम्बर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। उन्होंने बताया कि लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में कम से कम एक दो-पहिया वाहन शामिल रहता है तथा मृतकों में लगभग 60 प्रतिशत दो-पहिया वाहन सवार होते हैं।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा नियमों के उल्लंघन पर 25 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए तथा लगभग 18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

एआरटीओ-प्रवर्तन ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं पर पड़ता है, क्योंकि दुर्घटना में प्रभावित व्यक्ति प्रायः परिवार का कमाऊ सदस्य होता है। इससे परिवार की आय एवं बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे यह संकल्प लें कि अपने परिवार के किसी भी सदस्य को बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन न चलाने दें और सड़क सुरक्षा के प्रति सभी को जागरूक करें।

एआरटीओ-प्रशासन श्री कृष्ण कुमार यादव ने भारत सरकार द्वारा लॉन्च किए गए “नेक्स्ट जेन एम-परिवहन” एवं “डिजिलॉकर” एप के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन एप्स के माध्यम से वाहन व ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं, जो पूरी तरह मान्य हैं। इसके माध्यम से चालान की स्थिति देखी जा सकती है तथा ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है। उन्होंने वाहन बीमा एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र की वैधता नियमित रूप से जांचने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक श्री नरेन्द्र पाल सिंह ने छात्राओं को अनुशासन, समयबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार और गुण न केवल व्यक्ति के विकास में सहायक होते हैं, बल्कि समाज की उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती दीपिका राजपूत द्वारा कॉलेज की 122 छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। सभी ने सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।