फर्रुखाबाद:विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया का लिया जायज़ा

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जनवरी 2026 जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा विशेष अभियान के अंतर्गत विकासखंड शमसाबाद स्थित मतदेय स्थल ए0वी0 इंटर कॉलेज शमसाबाद एवं जूनियर हाईस्कूल शमसाबाद का भ्रमण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों पर चल रही दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस अवसर पर यह पाया गया कि सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं से दावे व आपत्तियां विधिवत रूप से प्राप्त की जा रही हैं। साथ ही बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित पाई गई, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की प्रगति का सतत अवलोकन एवं समीक्षा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), बीएलओ सुपरवाइजर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है। अधिकारीगण नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी भी कर रहे हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके तथा अपात्र प्रविष्टियों का समय रहते निस्तारण किया जा सके। साथ ही आमजन को जागरूक कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।