जनशक्ति जनता दल चीफ और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव विधानसभा चुनाव हारने के बाद अब अपना सरकारी आवास छोड़ दिया है. उन्होंने पटना में 26 एम स्ट्रैंड रोड स्थित अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है. बतौर विधायक वे इस सरकारी आवास में रहते थे. यह आवास अब बीजेपी कोटे के मंत्री लखेंद्र पासवान को आवंटित हुआ है. लखेंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि इस सरकारी आवास से पंखे, कुर्सियां, फर्नीचर, एयर कंडीशन, बल्ब समेत कई सरकारी सामान गायब हैं.
बीजेपी के मंत्री लखेंद्र पासवान ने तेज प्रताप यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगला खंडहर बन चुका है. शनिवार (31 जनवरी) को बंगले में घुसते ही उन्होंने कई आरोप लगा दिए. वहीं बंगले को लेकर विवाद शुरू हो गया है.
मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि बंगले की हालत इतनी खराबी है कि यहां रह पाना मुश्किल है. खंडहर है. छत क्षतिग्रस्त है. बंगला जर्जर है. लखेंद्र पासवान ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की सेवा के लिए जो फर्नीचर और सुविधाएं दी जाती हैं, वह सभी सरकारी संपत्ति होती हैं जिन्हें आवास खाली करते समय यथास्थान छोड़ना होता है.
