फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चयनित चिकित्सकों व कोविड स्टाफ को नियुक्ति पत्र वितरित

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जनवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में आज आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत चयनित संविदा चिकित्सकों एवं कोविड-19 स्टाफ को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में संविदा चिकित्सक पदों पर चयनित चिकित्सक रोहित तिवारी, यशराज सिंह भदौरिया, तान्या राठौर एवं प्रदीप कुमार को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही कोविड-19 के दौरान सेवाएं दे चुके 35 कर्मियों को वार्डबॉय, आया, स्वीपर एवं तकनीशियन पदों पर समायोजित करते हुए नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इस अवसर पर मा0 सांसद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नव-नियुक्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी सभी नियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं में गुणवत्ता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवनींद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ किया गया।