फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आज दिनांक 29 जनवरी 2026 को दोपहर 01:20 बजे जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इनमें भारतीय जनता पार्टी से श्री मुकेश गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी से श्री रामरतन गौतम, समाजवादी पार्टी से श्री सुभाष चन्द्र शाक्य (एडवोकेट), आम आदमी पार्टी से श्री अंकुष सिंह तथा कांग्रेस पार्टी से श्री वरुण त्रिपाठी (एडवोकेट) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि निर्वाचकों की सुविधा के लिए सुनवाई हेतु चयनित स्थलों, प्राधिकृत अधिकारियों, सुनवाई की तिथि व समय तथा संबंधित भाग संख्याओं के विवरण से सभी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके या पूर्ण करने वाले नागरिक प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन पत्र के साथ फोटो तथा घोषणा पत्र (अनुलग्नक-4) संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से वेब पोर्टल voters.eci.gov.in के जरिए भी आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है।
आयु एवं जन्म तिथि के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कक्षा 10 या 12 का प्रमाण पत्र अथवा भारतीय पासपोर्ट मान्य दस्तावेज बताए गए। वहीं निवास प्रमाण के रूप में बिजली/पानी/गैस का बिल, आधार कार्ड, बैंक या डाकघर की पासबुक, भूमि स्वामित्व अभिलेख, पंजीकृत किराया या विक्रय विलेख आदि दस्तावेज स्वीकार्य होंगे।
अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के प्रारूप-6 आवेदन भरवाकर निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें। बैठक के अंत में सभी उपस्थित प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की
