फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश संख्या 49/2024/1650/477/18-02-2024 दिनांक 04 अक्टूबर 2024 के तहत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना लागू की गई है, जिसकी समीक्षा प्रत्येक सप्ताह मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, मण्डलायुक्त एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) वित्त पोषण योजनाओं के अंतर्गत प्रगति अत्यन्त खराब पाई गई।
इसी क्रम में बैंक शाखाओं द्वारा निरस्त किए गए आवेदन पत्रों पर पुनर्विचार तथा लम्बित आवेदनों के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से विशेष समीक्षा बैठक का आयोजन 29 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महोदय ने की।
बैठक में बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की गति संतोषजनक नहीं है।
जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित बैंक अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं ODOP वित्त पोषण योजना के अंतर्गत युद्ध स्तर पर ऋण वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में फरवरी 2026 तक पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैंकों को यह भी स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण के आवेदन निरस्त न किए जाएं तथा लम्बित मामलों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
