कासगंज: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्टीकरण के साथ दिए दिशा निर्देश

कासगंज।
बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने जनपद के सोरों और सहावर विकास खंड के विद्यालयों में निरीक्षण किए। ब्लॉक सहावर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कनोई में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। तत्पश्चात प्राथमिक विद्यालय सादिकपुर के निरीक्षण में समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया किंतु 22 जनवरी से विद्यालय की मध्याह्न भोजन योजना पंजिका और सहायक अध्यापक मालती की शिक्षक डायरी अपूर्ण पाई गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय सादिकपुर दोपहर 01.50 बजे बंद पाया गया। वहीं कंपोजिट विद्यालय नगला काइयां में छात्र छात्राओं का शैक्षिक स्तर न्यून पाया गया। शौचालय बंद एवं अक्रियाशील थे साथ ही शौचालय और मूत्रालय में रनिंग वाटर की कोई व्यवस्था नहीं थी। मल्टीपल हैंडवाश की सभी टोंटियां टूटी हुई थी और एमडीएम का सैंपल भी सुरक्षित नहीं रखा गया था। रसोईघर में खुले तेल और मसालों का प्रयोग हो रहा था।
प्राथमिक विद्यालय नगला अंधा के निरीक्षण के दौरान अनिल कुमार इंप्रअ, दीपिका सहायक अध्यापक और चंद्रपाल सिंह शिक्षामित्र विद्यालय की उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर बनाकर गायब थे। विद्यालय में कई वर्षों से रंगाई पुताई नहीं की गई थी और फर्श टूटा हुआ पाया गया। विद्यालय में शिक्षक उपस्थिति की दो पंजिकाएं पाई गईं। मल्टीपल हैंडवाश गंदा और टाइल्स टूटी हुई थीं। शौचालय और मसालों की स्थिति निम्न स्तर की पाई गई। खुले मसालों का प्रयोग किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के सापेक्ष संबंधितों को स्पष्टीकरण जारी किए गए।
ब्लॉक गंजडुंडवारा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धर्मपुर और ब्लॉक सोरों के हुमायूंपुर का औचक निरीक्षण कर यूपीसीएलडीएफ प्रखंड आगरा द्वारा बनाए जा रहे अतिरिक्त कक्षा कक्ष और कंप्यूटर लैब के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु अवर अभियंता को निर्देशित किया तथा समस्त स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।