लखीमपुर खीरी : विद्या निकेतन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस


गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) सरस्वती विद्या निकेतन इण्टर कालेज में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ल रिंकू, विशिष्ट अतिथि सुशील कुमार गुप्ता, श्याम मूर्ति शुक्ला पूर्व प्रधानाचार्य कृषक समाज इण्टर कॉलेज गोला द्वारा ध्वाजारोहण किया गया। तत्पश्चात माँ सरस्वती के चित्र पर सभी अतिथियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त स्वतंत्रता, समानता और न्याय के मूल्यों को समझने का अवसर है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुशील कुमार गुप्त ने अपने उद्बोधन में छात्र छात्राओं को बताया कि ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण शिक्षा का मूल लक्ष्य है जो ईमानदारी, करुणा, अनुशासन और जिम्मेदारी जैसे मानवीय मूल्यों को विकसित कर व्यक्ति को न केवल बौद्धिक रूप से बल्कि नैतिक रूप से भी सुदृढ़ बनाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने देशभक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमो की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
विद्यालय के प्राचार्य महेन्द्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या श्रीमती मधु त्रिपाठी ने इस अवसर पर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए छात्र छात्राओं को संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने एवं एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में प्रयासों को मजबूत करने पर बल दिया। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षा में आत्मसमर्पण से ज्ञानार्जन करके आगामी परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करके विशिष्टता हासिल करने तथा अपने माता पिता के सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।