फर्रुखाबाद:कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के माल व ₹15 हजार सहित 02 अभियुक्त व 02 बाल अपचारी गिरफ्तार

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जनवरी 2026 कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता प्राप्त की है। मु0अ0सं0 17/2026 से संबंधित चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने प्रकाश में आए 02 अभियुक्तों एवं 02 बाल अपचारियों को चोरी किए गए माल व ₹15,000 नकद के साथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर हरीश चन्दर के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में आशिक पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी पिपरगांव कोतवाली मोहम्मदाबाद तथा रोहित वर्मा पुत्र विनोद कुमार निवासी खटकपुरा कोतवाली फर्रुखाबाद शामिल हैं, जबकि दो अन्य बाल अपचारी हैं।

घटना का विवरण

दिनांक 23 जनवरी 2026 को ग्राम पिपरगांव निवासी वादिनी की लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मु0अ0सं0 17/2026 धारा 305/123(1) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। तहरीर में आरोप था कि अज्ञात चोरों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

पूछताछ में हुआ खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्त आशिक एवं बाल अपचारियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और इसी लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व उन्होंने अपने ही गांव में एक घर में घुसकर सो रही महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और सोने के टॉप्स, सोने की हाय (पत्ता) तथा चांदी की पायल चोरी कर ली।

चोरी किए गए जेवरात को उन्होंने मुरहास कन्हैया स्थित बालाजी ज्वैलर्स के मालिक रोहित वर्मा को बेच दिया, जिसने ₹18,000 नकद दिए। इसमें से ₹3,000 खर्च कर दिए गए, जबकि शेष ₹15,000 आपस में बांट लिए गए। सुनार रोहित वर्मा ने भी स्वीकार किया कि उसने लालच में आकर चोरी के जेवर खरीदे और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से सोने के जेवर गलाकर टिकिया बना दी।

बरामदगी का विवरण

01 पुरानी चांदी की पायल, 01 सोने की टिकिया (गलाया हुआ जेवर), ₹15,000 नकद, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/318(3) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

उ0नि0 अखिलेश सिंह, उ0नि0 धर्मेन्द्र मलिक, हे0का0 धर्मेन्द्र सिंह, का0 दिग्विजय सिंह, का0 ललित कुमार

कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।