लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 आज “उत्तर प्रदेश दिवस” के शुभ अवसर पर लखनऊ में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जनपद आजमगढ़ को “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान” के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जनपद को गृह मंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के करकमलों से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान जनपद आजमगढ़ द्वारा युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रभावी प्रयासों, योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए गए नवाचारों का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से जनपद में बड़ी संख्या में युवाओं को उद्यम स्थापित करने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने आजमगढ़ के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य जनपदों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। जनपद को प्राप्त इस उपलब्धि से प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं में उत्साह का माहौल है।
जनपद प्रशासन ने इस सम्मान को आजमगढ़ के युवाओं की मेहनत, नवाचार और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प दोहराया।
