फर्रुखाबाद:एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत जनपद में दो दिवसीय कृषक गोष्ठी, मेला व भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 को एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत दो दिवसीय कृषक गोष्ठी / मेला एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक पाण्डाल, मेला श्री रामनगरिया, पांचालघाट, फर्रुखाबाद में उद्यान विभाग उत्तर प्रदेश, जनपद फर्रुखाबाद द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं लाभकारी बागवानी तकनीकों से अवगत कराना रहा।

गोष्ठी में कृषि विज्ञान केन्द्र, जाजपुर बंजारा के वरिष्ठ वैज्ञानिकों डॉ. अरविन्द सिंह, डॉ. जगदीश मिश्र, डॉ. विकास चौधरी, डॉ. महेन्द्र प्रसाद तथा डॉ. गुंजा जैन (पर्यावरणविद्) द्वारा जैविक खेती, फसलों में न्यूनतम खरपतवारनाशक, कीटनाशक एवं रासायनिक खाद के प्रयोग, मृदा संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ कृषकों को प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री असीम अरुण जी, माननीय विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, श्री डी.एस. राठौर (जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी), श्री वीरेन्द्र सिंह राठौर (प्रदेश सह संयोजक, सैनिक प्रकोष्ठ, भाजपा), जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्री एस.के. तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी द्वारा माननीय अतिथियों एवं अधिकारियों के स्वागत-सम्मान से की गई। इसके पश्चात जनपद में एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी महोदय ने जनपद में निवेश की संभावनाओं, भौगोलिक विशेषताओं एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए माननीय राज्यमंत्री श्री असीम अरुण जी ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विकसित उत्तर प्रदेश एवं फर्रुखाबाद जनपद की सांस्कृतिक पहचान की जानकारी साझा की तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए कृषकों को प्रेरित किया। उन्होंने बागवानी में मशीनीकरण से लाभान्वित कृषकों से संवाद भी किया।

कार्यक्रम के दौरान पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत लाभान्वित लाभार्थी श्री मुनीस गंगवार को अनुदानित धनराशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया, वहीं श्री मनीष सैनी को हाइटेक नर्सरी में शाकभाजी पौध उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

अंत में जिला विकास अधिकारी द्वारा गोष्ठी के समापन की घोषणा करते हुए माननीय अतिथियों, वैज्ञानिकों एवं उपस्थित कृषकों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन जनपद में उन्नत बागवानी, आत्मनिर्भर कृषि एवं कृषकों की आय वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।