फर्रुखाबाद की रचनात्मक प्रतिभाओं को मिला नया मंच ‘द क्रिएटिव सोल ऑफ फर्रुखाबाद’ का शुभारम्भ।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जनवरी 2026 जनपद की सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘द क्रिएटिव सोल ऑफ फर्रुखाबाद’ (TCS) का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस रचनात्मक मंच का उद्घाटन बड़े भाई पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष अरविन्द शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने इसे युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

शुभारम्भ अवसर पर अरविन्द शुक्ला ने कहा कि जनपद के युवाओं में अपार प्रतिभा छिपी हुई है, जिसे सामने लाने के लिए ऐसे रचनात्मक मंचों की अत्यंत आवश्यकता है। TCS के माध्यम से युवा सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपनी पहचान बना सकेंगे और समाज में सकारात्मक योगदान दे पाएंगे।

कार्यक्रम के आयोजक अभिषेक कटियार ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से निरंतर रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद के युवाओं में कला और संस्कृति की असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा और उचित मंच प्रदान कर निखारा जा सकता है।

TCS की कोऑर्डिनेटर श्रीमती शिवानी कटियार ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 1 फरवरी को मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता का आयोजन स्मार्ट प्वाइंट के बेसमेंट में किया जाएगा, जिसमें जनपद की प्रतिभाशाली युवतियां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

कार्यक्रम में कु. स्वाति त्यागी, डॉ. अंकुर दुबे, प्रांशु अवस्थी, धीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने द क्रिएटिव सोल ऑफ फर्रुखाबाद की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।