फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा को लेकर जनपद में सख्ती बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरु प्रसाद गुप्ता एवं एआरटीओ प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत द्वारा नगर क्षेत्र में मदिरा की दुकानों एवं पेट्रोल पंपों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मदिरा की दुकानों पर “मदिरापान कर वाहन न चलाएं” संबंधी चेतावनी संदेश की उपलब्धता एवं दृश्यता की जांच करना था। संयुक्त टीम द्वारा नगर की चार मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां उक्त संदेश लिखा पाया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यह चेतावनी संदेश और अधिक स्पष्ट व आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाए। उल्लेखनीय है कि जनपद में कुल 304 मदिरा दुकानें संचालित हैं और आबकारी नीति के तहत दुकानों पर यह संदेश लिखना अनिवार्य है।
इसके साथ ही एआरटीओ प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत द्वारा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री अनिल यादव के साथ नगर के पेट्रोल पंपों पर दो पहिया वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” का बोर्ड लगे होने के बावजूद बड़ी संख्या में बिना हेलमेट वाहन चालक पेट्रोल लेते पाए गए। इस पर कार्रवाई करते हुए रामशरण अग्रवाल फिलिंग स्टेशन एवं गुप्ता फ्यूल सर्विस पर कुल 35 दो पहिया वाहनों का चालान किया गया।
अभियान के दौरान मद्यपान कर दो पहिया वाहन चलाते हुए 2 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं तीन अवयस्क वाहन चलाते हुए पाए गए, जिन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 26-26 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इन मामलों को माननीय न्यायालय में प्रेषित किया जा रहा है, जहां नियमों के अनुसार अभिभावकों को तीन वर्ष तक के कारावास का प्रावधान भी लागू हो सकता है।
आज की संयुक्त कार्रवाई में विभाग द्वारा कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
