विजय थलापति की ‘जन नायकन’ की तरह सेंसर की वजह से अटकी थी इस बॉलीवुड फिल्म की रिलीज, बाद में हुई ब्लॉकबस्टर

अभिनय से राजनीति में सक्रिय हो चुके एक्टर विजय थलापति की बतौर एक्टर आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ 09 जनवरी 2026 को रिलीज होनी थी। मगर, यह अब तक रिलीज नहीं हुई और न ही इसकी रिलीज को लेकर कोई अपडेट है। सेंसर बोर्ड से इसे सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है। मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। मद्रास हाईकोर्ट में बीते 20 जनवरी को इस पर सुनवाई हुई थी और फैसला सुरक्षित रख लिया गया है। ‘जन नायकन’ की रिलीज पर संकट के बीच आपको बता दें कि करीब 20 वर्ष पहले एक बॉलीवुड के साथ भी कुछ-कुछ यही स्थित बनी थी। वह फिल्म है ‘रंग दे बसंती’।

फिल्म ‘रंग दे बसंती’ 26 जनवरी 2006 को रिलीज हुई थी। आमिर खान, शरमन जोशी, सिद्धार्थ, माधवन, सोहा अली खान और कुणाल कपूर अभिनीत इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। मगर, इसकी रिलीज का रास्ता बहुत मुश्किलों भरा रहा। यह अपनी मूल रिलीज डेट पर दर्शकों तक नहीं पहुंच पाई थी। हाल ही में फिल्म के निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने इसका खुलासा किया है। दरअसल, ‘रंग दे बसंती’ को 19 जनवरी 2006 को रिलीज किया जाना था। मगर, सेंसर बोर्ड को सेना से संबंधित कुछ सीन पर आपत्ति थी। इसके चलते रिलीज अटक गई थी।

इस साल 26 जनवरी पर फिल्म ‘रंग दे बसंती’ की रिलीज को 20 साल पूरे होने वाले हैं। इससे पहले हाल ही में निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने फिल्म बनाने, रिलीज के समय आई मुश्किलों और बैन होने से लेकर बाद में रिलीज तक को लेकर चर्चा की। निर्देशक ने ‘स्क्रीन’ के साथ बातचीत में बताया कि 20 साल पहले यह फिल्म बनाना चुनौती थी। इस फिल्म की रिलीज पर रक्षा मंत्रालय के नौकरशाहों ने कई आपत्तियां उठाईं। मिनिस्ट्री की आपत्तियों को याद करते हुए निर्देशक ने कहा, ‘रक्षा मंत्रालय के ब्यूरोक्रेट्स ने हमसे कहा था, ‘मिग को मिग मत कहो, रक्षा मंत्री को रक्षा मंत्री मत कहो, आपको सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा’। मैंने कहा, ‘यह सब असल जिंदगी से लिया गया है। मेरे पास फैक्ट्स हैं’।