लखीमपुर खीरी : विद्या निकेतन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बसंत पंचमी पर्व

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय वि० कु०स्मा० सरस्वती विद्या निकेतन इण्टर कॉलेज में बसंत पंचमी पर्व शुक्रवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्राचार्य श्री महेन्द्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या श्रीमती मधु त्रिपाठी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के अनावरण, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ किया गया तत्पश्चात हवन पूजन कार्यक्रम में सीनियर वर्ग के छात्र छात्राओं तथा शिक्षक शिक्षिकाओं ने हवन में आहुतियाँ डाली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य महेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा वसंत पंचमी को भारतीय संस्कृति में ज्ञान,विद्या,दान,पुण्य और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के अनुरूप विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना रहा। प्रातःकाल विद्यालय प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया गया जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षक शिक्षिकाओं ने आहुतियां देकर मां सरस्वती से ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि की कामना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में निरन्तर सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया तथा छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अजय मिश्र द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। ज्ञानदायिनी माँ सरस्वती का पूजन एवं हवन कर माँ से आशीर्वाद की कामना की।धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन मां सरस्वती का जन्म हुआ था।बसंत पंचमी पर्व विद्यार्थियों संगीत एवं कला क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए बेहद ख़ास है ।